Saturday, October 24th, 2026

पंडुका पुल को मंजूरी से अब सोन नदी पर होगा छठा पुल का निर्माण

पटना
बिहार-झारखंड को जोड़ने वाले दो लेन पंडुका पुल की मंजूरी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मंगलवार काे दे दी. करीब 2.15 किमी की लंबाई में सोन नदी पर यह राज्य का छठा पुल होगा.

केंद्र सरकार के सेंट्रल रोड एवं इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के अंतर्गत 204.24 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है. इसका निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम करेगा. पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने मंजूरी देने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का अाभार जताया है.

पथ निर्माण विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रोहतास जिले को झारखंड से जोड़ने वाले इस पुल को बनाने के लिए डीपीआर बनाने का आदेश दिया था.

उनके आदेश पर पथ निर्माण विभाग ने डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेजा था. केंद्र की प्रशासनिक स्वीकृति के बाद इस पुल के निर्माण का टेंडर जारी किया जायेगा. इस पुल के बन जाने से बिहार के रोहतास जिले के दक्षिणी इलाकों का सीधे झारखंड से संंपर्कता हो जायेगी. साथ ही उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ जाने में भी सहूलियत होगी. यह पुल डेहरी ऑन सोन से दक्षिण लगभग 70 किमी दूरी पर स्थित होगा.

गौरतलब है कि पंडुका घाट पुल, डेहरी अॉन सोन से अकबरपुर-यदुनाथपुर सड़क के माध्यम से संपर्कता प्रदान करेगा. इस पुल के बन जाने से राज्य के अघौड़ा पहाड़ी क्षेत्र के गांवों को आवागमन में विशेष मदद मिलेगी.

उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्कता सुनिश्चित करने में इस पुल का महत्वपूर्ण योगदान होगा. इस पुल के बन जाने से बालू, पत्थर सहित अन्य खनिजों के परिवहन में सहुलियत होगी. पथ निर्माण विभाग द्वारा अगले तीन वित्तीय वर्षों में इस पुल का निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है.

इस पुल से पहले सोन नदी पर राज्य में पांच पुल हैं. इनमें कोइलवर में दो पुल हैं. वहीं तीन अन्य पुलों में अरवल-सहार, दाउदनगर-नासरीगंज और जीटी रोड पुल शामिल हैं.

 

#पंडुका पुल#सोन नदी

Source : Agency

पाठको की राय